Jamshedpur: कला और सिनेमा प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर है। जमशेदपुर आगामी अक्टूबर महीने में झारखंड राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (JNFF) के सातवें संस्करण पूरी तरह तैयार है। अस्मा इंडिया चैरिटेबल ट्रस्ट और मित्रा प्रोडक्शन के साझा प्रयास से होने वाले इस बड़े आयोजन में स्थानीय सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए झारखंड की भाषाई फिल्मों की एंट्री पूरी तरह से निशुल्क (फ्री) रखी गई है।
31 जुलाई तक आवेदन का मौका
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महोत्सव के संस्थापक संजय सत्पथी, राजू मित्रा और निदेशक डॉ. शालिनी प्रसाद ने संयुक्त रूप से बताया कि फिल्मकार आगामी 31 जुलाई 2026 तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं। इस महोत्सव में फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री और म्यूजिक वीडियो जैसी अलग-अलग श्रेणियों में कलाकृतियां आमंत्रित की गई हैं।
तैयारियों में जुटी आयोजन समिति
इस सिनेमाई महाकुंभ को और सफल बनाने के लिए मुख्य संरक्षक भरत सिंह के साथ-साथ संरक्षक सुखदेव महतो, डॉ. जे. एन. दास, पूर्वी घोष और अरुण बाकरेवाल अपना विशेष सहयोग दे रहे हैं। वहीं, जेएनएफएफ (JNFF) टीम की सदस्य नैंसी सिंह, शिवांगी सिंह, जॉय, कशिश जैन, नवीन प्रधान और राज प्रामाणिक समेत पूरी कोर कमेटी अभी से ही कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में व्यस्त है।