Jamshedpur News: जमशेदपुर में बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक में टाटानगर जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर गहरा आक्रोश सामने आया। बैठक में यह सवाल जोरदार तरीके से उठा कि यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को आगे बढ़ाने का आदेश आखिर किसका है, डीआरएम का या रेल महाप्रबंधक का।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल, मालगाड़ियों की भीड़ पर नाराजगी
समिति ने कहा कि जब रेलवे के पास पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है, तो मालगाड़ियों की संख्या को क्यों बढ़ाया जा रहा है। यात्री ट्रेनों की तय समय सारणी होती है, जबकि मालगाड़ियों की नहीं, ऐसे में यात्रियों को बार-बार परेशान होना पड़ रहा है।
हस्ताक्षर अभियान और मेमोरेंडम की तैयारी
बैठक में निर्णय लिया गया कि टाटानगर, आदित्यपुर, कांड्रा, गम्हरिया समेत कई स्टेशनों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। यात्री फीडबैक भी लिया जाएगा और जल्द ही एक शिष्टमंडल डीआरएम को ज्ञापन सौंपेगा, जिसकी प्रतिलिपि रेलवे बोर्ड और महाप्रबंधक को भेजी जाएगी।
आंदोलन होगा तेज, यात्रियों में बढ़ रहा आक्रोश
समिति ने चेतावनी दी कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना के 10 दिन बाद भी ट्रेनों की लेटलतीफी में कोई सुधार नहीं होने से यात्रियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है, जो अब विरोध का रूप ले रही है।