Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-19

Jamshedpur News: टेल्को में बेटे पर संकट का डर दिखाकर महिला से 7 लाख के जेवर ठग ले गए शातिर

Jamshedpur: टेल्को थाना क्षेत्र में ठगों ने अंधविश्वास का सहारा लेकर एक महिला को अपना शिकार बना लिया। दो युवकों ने महिला को उसके बेटे के भविष्य और सुरक्षा को लेकर भयभीत किया और झांसे में लेकर लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, टेल्को स्थित एम-47/8 की निवासी संगीता महांता किसी काम से घर से बाहर निकली थीं। रॉक गार्डेन के पास पहुंचने पर एक युवक ने उनसे रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। इसके कुछ ही देर बाद दूसरा युवक वहां पहुंचा और महिला से बातचीत करते हुए उनके परिवार से जुड़ी बातें करने लगा।

बेटे पर संकट की बात कहकर फंसाया जाल में
ठगों ने महिला को विश्वास दिलाया कि उनके बेटे पर अशुभ ग्रहों का प्रभाव है और यदि तुरंत उपाय नहीं किया गया तो कोई बड़ी परेशानी आ सकती है। उन्होंने दावा किया कि विशेष धार्मिक प्रक्रिया से इस संकट को टाला जा सकता है। बेटे की चिंता में महिला उनकी बातों पर भरोसा कर बैठीं। दोनों युवकों ने कथित उपाय के नाम पर महिला से उनके पास मौजूद सोने के आभूषण, अंगूठियां, कंगन, चेन तथा घर की चाबी सहित अन्य सामान अपने हवाले करने को कहा। महिला ने उनकी बात मान ली। सामान मिलते ही दोनों युवक तेजी से वहां से निकल गए। कुछ समय बाद महिला को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी हैं।

करीब सात लाख रुपये के नुकसान की आशंका
पीड़िता के अनुसार, ठगों द्वारा ले जाए गए जेवरात और अन्य सामान की कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्य भी हैरान रह गए। मामले की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस जांच में जुट गई है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही ठगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

लोगों को सतर्क रहने की अपील 
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति यदि ग्रह दोष, तंत्र-मंत्र, अनिष्ट या भविष्य में संकट की बात कहकर पैसे या कीमती सामान मांगता है तो उसकी बातों में न आएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !