Jamshedpur: सोनारी स्थित डोबो पुल पर बुधवार रात एक युवती द्वारा नदी में कूदने के प्रयास से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि मौके पर मौजूद युवकों की सतर्कता और तत्परता से उसे सुरक्षित बचा लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और युवती को अपने साथ थाना ले जाकर पूछताछ की।
मोबाइल और बैग पुल पर रखकर रेलिंग की ओर बढ़ी
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे युवती पैदल डोबो पुल पर पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह कुछ देर तक मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करती रही। बातचीत समाप्त होने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन और बैग पुल पर रख दिया तथा रेलिंग की ओर बढ़ने लगी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आसपास मौजूद कुछ युवकों ने तुरंत उसे रोक लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को अपने संरक्षण में लिया।
मकान मालिक से विवाद के कारण थी तनाव में
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह सोनारी क्षेत्र में किराये के मकान में रहती है। उसका मकान मालिक के साथ मकान खाली करने को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला पूर्व में थाना भी पहुंच चुका था, जहां 30 मई तक मकान खाली करने की बात तय हुई थी। युवती का आरोप है कि तय समय तक मकान खाली नहीं होने के कारण मकान मालिक ने उसके कमरे की बिजली और पानी की आपूर्ति बंद कर दी, जिससे वह काफी मानसिक तनाव में थी।
पुलिस ने समझाकर संभाला, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने युवती को समझाया और उसके परिजनों तथा संबंधित लोगों से संपर्क किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने युवकों की सतर्कता की सराहना की, जिनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।