Jamshedpur: धालभूमगढ़ प्रखंड के जीएनडी कॉलेज के पीछे बेतझरिया गुड़ा जाने वाले रास्ते पर शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव बाइक के नीचे दबा हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की नजर जब सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी तो देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाइक पर JH05J4779 नंबर अंकित पाया गया।
मृतक की पहचान मछली बेचने वाले के रूप में
मौके पर मौजूद लोगों ने शव की पहचान अमूल्य मंडल के रूप में की, जो कानस गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह पेशे से मछली बेचने का काम करता था और रोजाना अलग-अलग हाट-बाजारों में मछली बेचने जाता था।
घुमावदार मोड़ के पास मिला शव
जहां यह घटना हुई, वहां सड़क पर घुमावदार मोड़ है और उसके पास ही एक गड्ढा भी मौजूद है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई होगी। हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
परिजन रात से कर रहे थे तलाश
परिजनों के अनुसार अमूल्य मंडल शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे घर से मछली बेचने के लिए शुडगि हाट गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक की पत्नी भी मौके पर पहुंची। पति का शव देखकर वह दहाड़ मारकर रोने लगी, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे आगे की प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।