Jamshedpur: जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही गर्मी लोगों पर भारी पड़ने लगी है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दोपहर होते-होते सड़कें सूनी पड़ जा रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। इसी बीच शनिवार को लू की चपेट में आने से पोटका के एक युवक की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।
हाट से लौटते समय बिगड़ी तबीयत
मृतक की पहचान पोड़ाडीहा पंचायत के मटियाल गांव निवासी 30 वर्षीय मोहन सरदार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मोहन किसी काम से हल्दीपोखर के साप्ताहिक बाजार गया था। वहां से लौटने के दौरान लागुरासाई गांव के पास अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के कारण वह रास्ते में एक पेड़ के नीचे बैठ गया था। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने उसे अचेत अवस्था में देखा और मामले की जानकारी पुलिस को दी। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी और लू लगने के कारण उसकी मौत हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अस्पतालों में बढ़ रहे मरीज
भीषण गर्मी का असर अब स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। क्षेत्र के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में गर्मी, डिहाइड्रेशन और लू से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
डॉक्टरों ने जारी की चेतावनी
डॉक्टरों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर को ठंडा रखने की सलाह दी गई है।