Jamshedpur News: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की मौजूदगी में बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में हुई जनता दल (यूनाइटेड) और मानगो जनसुविधा समिति की बैठक में मानगो नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि विकास योजनाओं में देरी, सफाई व्यवस्था की बदहाली और जनहित के मुद्दों पर कथित उदासीनता के विरोध में 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप धरना दिया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
38 विकास योजनाएं लंबित, नालों का निर्माण भी अटका
बैठक में बताया गया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में करीब 12.13 करोड़ रुपये की लागत वाली 38 विकास योजनाएं अब तक लंबित हैं। इनमें 32 योजनाओं और दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, जबकि बाढ़ से राहत के लिए 2.44 करोड़ रुपये की लागत से चार बड़े नालों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार की निविदा प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद संवेदकों की नियुक्ति के बाद भी काम शुरू नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया।
बाढ़ और सफाई व्यवस्था पर निगरानी के लिए बनेगी समिति
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो के प्रत्येक वार्ड में दो-दो लोगों की समितियां गठित की जाएंगी, जो स्थानीय समस्याओं की निगरानी कर उनके समाधान के लिए पहल करेंगी। उन्होंने बताया कि जदयू कार्यकर्ता और जनसुविधा समिति संयुक्त रूप से बड़े नालों की सफाई और उनकी वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेगी, ताकि बरसात में जलजमाव और बाढ़ जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस की निष्क्रियता पर भी जताया आक्रोश
बैठक में कार्यकर्ताओं ने मानगो में बढ़ते अपराध, विधायक सरयू राय के बयान को कथित रूप से गलत तरीके से प्रस्तुत करने और उनके पुतला दहन मामले में पुलिस की कार्रवाई नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि उलीडीह थाना में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जदयू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो नगर निगम के साथ-साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा।