Jamshedpur News: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत टाटानगर में बहुविषयक मंडल प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल मिश्रा ने किया। इस दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम और अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
XLRI द्वारा दिया जायेगा प्रशिक्षण
बाग़बेड़ा क्षेत्र मे स्थित पुराना रेलवे स्कुल भवन को ट्रेनिंग सेंटर बनाया गया है, जिसमे रेल कर्मचारियों को आधुनिक प्रशिक्षण मिलेगा। विशेष ट्रेनिंग के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम और जमशेदपुर स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान XLRI के साथ समझौता किया है। ।XLRI के द्वारा रेलवे कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और डेटा एनालिटिक्स जैसे आधुनिक विषयों में उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भारतीय रेलवे में इस तरह की पहल को अनूठा कदम माना जा रहा है, जो कर्मचारियों को बदलते तकनीकी माहौल के अनुरूप तैयार करेगा। जानकारी देते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल मिश्रा ने बताया कि इस प्रशिक्षण संस्थान में रेलवे के विभिन्न विभागो इंजिनियरिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन के कर्मचारियों को एक ही स्थान पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कंप्यूटर बेस्ड ट्रेनिंग और प्रैक्टिकल की व्यवस्था
खासतौर पर नए कर्मचारियों के लिए यहां कंप्यूटर बेस्ड ट्रेनिंग की सुविधा दी की गई है। इसके अलावा आधुनिक कंप्यूटर लैब, मॉडल बोगी, ट्रैक सिस्टम, शंटिंग प्वाइंट और क्रॉसिंग से जुड़े प्रैक्टिकल प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि रेलवे तेजी से आधुनिक तकनीकों को अपना रहा है, ऐसे में कर्मचारियों का भी तकनीकी रूप से दक्ष होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से इस तरह के प्रशिक्षण संस्थान विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रेल मंत्रालय की योजना के तहत देश के सभी मंडलों में ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने टाटानगर रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि कार्य तेजी से चल रहा है और अगले ढाई वर्षों में नई बिल्डिंग तैयार हो जाएगी। इसके अलावा खड़गपुर से हावड़ा तथा चांडिल से गम्हरिया के बीच चौथी रेल लाइन को स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी।