Jamshedpur: जमशेदपुर में पूर्वी सिंहभूम जिले के शिक्षकों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने डीईओ मनोज कुमार का घेराव कर जल्द वेतन जारी करने की मांग उठाई।
आर्थिक संकट से जूझ रहे शिक्षक
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का कहना था कि पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई शिक्षकों ने बैंक से लोन लिया हुआ है, लेकिन समय पर किस्त जमा नहीं कर पाने के कारण उनके लोन बाउंस हो रहे हैं।
बच्चों की फीस भरने में भी हो रही परेशानी
शिक्षकों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने की वजह से कई लोग अपने बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना था कि वे नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, फिर भी वेतन भुगतान में देरी हो रही है।
मार्च और अप्रैल का वेतन अब तक लंबित
जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले के शिक्षकों को मार्च और अप्रैल महीने का वेतन अब तक नहीं मिला है। आरोप है कि डीईओ कार्यालय स्तर पर विपत्र पर हस्ताक्षर नहीं होने के कारण भुगतान प्रक्रिया अटकी हुई है।
शिक्षक संघ के बैनर तले हुआ प्रदर्शन
शिक्षक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षक शनिवार को डीईओ कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने प्रशासन से जल्द वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की और चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।।