Jamshedpur News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिले में 30 जून से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान के पहले दिन उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चल रहे एन्यूमरेशन कार्य और प्रारंभिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
29 जुलाई तक चलेगा विशेष पुनरीक्षण अभियान
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और समावेशी बनाना है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा सत्यापन कार्य के दौरान पूरी सावधानी और पारदर्शिता बरतें।
बीएलओ को दिए जरूरी निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त सभी प्रपत्रों और अभिलेखों का नियमानुसार संधारण किया जाए तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की समस्या या संशय की स्थिति में संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) से समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मतदाताओं से सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के समन्वय और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाया जाना चाहिए। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे निर्वाचन कर्मियों को आवश्यक सहयोग दें और मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही और अद्यतन रूप से दर्ज किया जा सके।