Jamshedpur News : एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अस्पताल में जल्द ही 7 सुपर स्पेशियलिटी विभागों की ओपीडी सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इसके तहत न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, ऑन्को सर्जरी, ऑन्कोलॉजी, कार्डियोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज और परामर्श की सुविधा मरीजों को एक ही छत के नीचे मिलेगी।अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर बलराम झा ने बताया कि इन सेवाओं के शुरू होने से कोल्हान समेत आसपास के जिलों के मरीजों को अब बेहतर इलाज के लिए रांची, कोलकाता या महंगे निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
प्रतिदिन लाखों रुपये की होगी बचत
जानकारी के अनुसार कोल्हान क्षेत्र के करीब 200 मरीज प्रतिदिन गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों में जाते हैं, जहां सिर्फ कंसल्टेंसी फीस के रूप में 800 से 1000 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। एमजीएम में यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध होने से मरीजों के लगभग 1.60 लाख से 2 लाख रुपये प्रतिदिन बचने का अनुमान है।
इसके अलावा अस्पताल परिसर में ही पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मरीजों को जांच के लिए बाहर न जाना पड़े। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा, जिससे कोल्हान क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।