Jamshedpur News : करीम सिटी कॉलेज में आयोजित वार्षिक कला महोत्सव "सतरंग-15" के दूसरे दिन "बैटल सिम्फाॅनी" कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान बॉलीवुड और वेस्टर्न गानों की शानदार प्रस्तुति ने माहौल को संगीतमय बना दिया।कॉलेज की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था “स्पार्क" द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बॉलीवुड सोलो, बॉलीवुड डुएट और वेस्टर्न सोलो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें 15 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बॉलीवुड एवं वेस्टर्न गानों की रही धूम
कार्यक्रम की शुरुआत स्पार्क के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री लक्ष्मी राम मुरमू ने स्वागत भाषण के साथ की। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका अपूर्वा श्रीवास्तव, आदित्य कुमार, सना अंजुम और थॉमस सैंवेल ने निभाई, जिनके निर्णय के आधार पर सभी श्रेणियों में प्रथम और द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन स्पार्क की सदस्य मानसी और सिमरन कुमारी ने किया, जबकि मुस्कान कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। स्पार्क के कोऑर्डिनेटर डॉ. यहिया इब्राहीम ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिससे आयोजन सफल और यादगार बन गया।