Jamshedpur News : जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिला सेवादल कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यसमिति की बैठक कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला मुख्य संगठक राहुल कुमार उर्फ राजा सिंह राजपूत ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सेवादल मुख्य संगठक नवीन कुमार सिंह, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जिला प्रभारी शशिभूषण राय, जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह एवं जिला उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद शामिल हुए। अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र देकर किया गया।
सेवा दल स्वतंत्रता आंदोलन की अनुशासित विरासत:- बन्ना गुप्ता
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सेवा दल का गठन स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देश को संगठित करने, अनुशासित कार्यकर्ताओं की टोली तैयार करने तथा कांग्रेस संगठन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने कहा कि वर्ष 1923 में डॉ. एन. एस. हार्डिकर ने “हिंदुस्तानी सेवा दल” की स्थापना की थी, जो बाद में कांग्रेस सेवा दल के रूप में विकसित हुआ।
युवाओं और महिलाओं को नेतृत्व से जोड़ने पर जोर
प्रदेश मुख्य संगठक नवीन कुमार सिंह ने सेवा दल के गठन में महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और सुभाष चंद्र बोस जैसे नेताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि सेवा दल सामाजिक सेवा, जनकल्याण, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं एवं महिलाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करने तथा सामाजिक जागरूकता अभियान चलाने में सेवा दल की अहम भूमिका है।
कई पदाधिकारियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान जिला सेवादल कांग्रेस के उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, 14 प्रखंड अध्यक्षों एवं 4 मंडल अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद ने किया। बैठक में संगठन विस्तार, प्रशिक्षण शिविर, सामाजिक अभियान एवं जनसेवा कार्यक्रमों को और मजबूत करने पर चर्चा की गई।