Jamshedpur News : वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की 236वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को गोपाल मैदान में भव्य समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 55 हजार लोगों की ऐतिहासिक भागीदारी दर्ज की गई। झारखंड के साथ पश्चिम बंगाल, ओड़िशा और असम से बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचे। पूरा मैदान पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।
पारंपरिक संस्कृति और एकता का विराट प्रदर्शन
समारोह में बालिकाओं और कलाकारों ने मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न सांस्कृतिक दलों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया। आयोजन में भूमिज समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
समारोह के दौरान अतिथियों ने वीर शहीद गंगा नारायण सिंह के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए समाज को संगठित रहने का संदेश दिया। समाज के कई बुद्धिजीवियों और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। आयोजन समिति ने पारंपरिक तरीके से सभी अतिथियों का स्वागत किया।
संजीव सरदार बोले- समाज जाग चुका है, एकता ही सबसे बड़ी ताकत
पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि गंगा नारायण सिंह का संघर्ष समाज के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा पर जोर देने और भाषा-संस्कृति के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने गंगा नारायण सिंह के जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने ऐसे आयोजनों को समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने वाला बताया।
कई राज्यों से जुटे प्रतिनिधि, विधायकों ने दिया एकता का संदेश
घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने समाज की एकता को सबसे बड़ी ताकत करार दिया। समारोह में मंगल कालिंदी, समीर मोहंती, सोमेश सोरेन, पूर्व विधायक मेनका सरदार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों की भागीदारी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।