Jamshedpur Road Accident: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान गणेश पात्रो के रूप में हुई है, जबकि घायल किशोर निखिल साहू का इलाज चल रहा है.
हादसे के कारणों का अब तक नहीं चला पता
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर बाइक पर सवार थे. हालांकि हादसा कब, कहां और किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ब्रह्मानंद अस्पताल से TMH रेफर, पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया. वहां गणेश पात्रो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर किया गया. TMH पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
निखिल साहू का हाथ बुरी तरह टूटा
हादसे में घायल निखिल साहू के एक हाथ में गंभीर फ्रैक्चर बताया जा रहा है. उसका इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
पोस्टमार्टम को लेकर परिजन और प्रशासन आमने-सामने
मृतक गणेश पात्रो के परिजनों का कहना है कि वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते. वहीं अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम के बिना शव परिजनों को नहीं सौंपा जा सकता. इसे लेकर आवश्यक प्रक्रिया जारी है. फिलहाल कदमा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.