Jamtara: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित कोल्हर मोड़ के पास शनिवार करीब 11:30 बजे एक सड़क दुर्घटना में ऑटो पलटने से छह लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि जामताड़ा से नारायणपुर की ओर जा रही एक ऑटो (संख्या JH21G 3616) सवारियों के साथ-साथ पीछे सामान भी लेकर जा रही थी। इसी दौरान अचानक रास्ते में एक बकरी आ जाने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई।
बच्चा समेत कई यात्री गंभीर रूप से जख्मी
ऑटो पलटते ही उसमें बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में एक दो वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पांच अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। घायलों में एक बुजुर्ग महिला का हाथ टूट गया और वह खून से लथपथ हो गई।
स्थानीय लोगों ने घायलों की की मदद
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर मदद की। पास के एक निजी मेडिकल में दो लोगों का प्राथमिक उपचार कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चे समेत तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए निजी वाहन से जामताड़ा भेज दिया गया।
चालक को नहीं आई गंभीर चोट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक बकरी के सामने आ जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो पलट गई। हालांकि इस हादसे में चालक को ज्यादा चोट नहीं आई।
ग्रामीणों ने तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जामताड़ा पुलिस द्वारा मुख्य बाजारों में बैरिकेडिंग लगाई गई है, लेकिन रात के समय पिकअप और ट्रेलर तेज रफ्तार में गुजरते हैं और कई बार बैरिकेडिंग को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर देते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और बाजार क्षेत्रों में बैरिकेडिंग को फिर से व्यवस्थित तरीके से लगाया जाए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।