Jamtara: जामताड़ा थाना क्षेत्र में अक्षय तृतीया जैसे शुभ अवसर पर एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जिसने स्थानीय व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार की रात, जब दिनभर बाजार में भीड़ रही और ज्वेलरी दुकानों पर ग्राहकों का जमावड़ा लगा था, उसी दौरान अज्ञात चोरों ने सुभाष चौक स्थित शुभम ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर
मामले की जानकारी देते हुए दुकानदार मनोज कुमार बर्मन ने बताया कि जब वे सोमवार सुबह रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो पीछे का वेंटिलेटर टूटा हुआ देखकर उन्हें शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखे कीमती जेवरात गायब थे। चोरों ने वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया।
करीब 12 लाख के जेवरात चोरी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चोर दुकान से करीब 2 ग्राम सोना और लगभग 5 किलो चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। इस घटना से क्षेत्र के अन्य दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है।
जांच में जुटी पुलिस, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
व्यवसायियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
इस घटना के बाद जामताड़ा के व्यापारियों में रोष देखा जा रहा है। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और व्यापारियों में विश्वास बहाल हो सके।