Jamtara News : उपायुक्त आलोक कुमार ने मनरेगा और विभिन्न आवास योजनाओं की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सख्त निर्देश दिए। बैठक में योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा में कार्य पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
अधूरे आवास जल्द पूरे करने और मनरेगा कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
समीक्षा के दौरान DC ने प्रधानमंत्री आवास, अबुआ आवास और मनरेगा के लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मजदूरों को नियमित काम मिले, मानव दिवस सृजन बढ़े और पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रगति में तेजी लाई जाए। साथ ही गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फील्ड मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी, जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग बढ़ाने पर जोर
उपायुक्त आलोक कुमार ने साफ कहा कि योजनाओं में कोताही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर निरीक्षण बढ़ाने, लाभुकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं को शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रशासन ने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात दोहराई।