Jharkhand: झारखंड में अब इलाज और भी आसान होने वाला है। राज्य के सभी जिलों के मेडिकल कॉलेज और सदर अस्पताल में टेली आईसीयू सेवा शुरू की जाएगी। इसके जरिए मरीजों को अपने ही जिले में बैठकर बड़े डॉक्टरों की सलाह मिल सकेगी।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों और डॉक्टरों से की ऑनलाइन मीटिंग
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी जिलों के डॉक्टरों और अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। उन्होंने कहा कि इस सेवा के लिए जरूरी मशीनें और स्टाफ जल्द से जल्द रखें जाएंगे।
ऑनलाइन गंभीर मरीजों की देखभाल
अभी फिलहाल गुमला, सिमडेगा, चतरा और रांची के सदर अस्पताल इस सेवा से जुड़े हैं। इन अस्पतालों को रांची के रिम्स से जोड़ा गया है, जहां के डॉक्टर ऑनलाइन गंभीर मरीजों की देखभाल करते हैं और इलाज के बारे में सलाह देते हैं।
राज्य भर में शुरू होगी से सुविधा
सरकार का कहना है कि जल्द ही यह सुविधा पूरे राज्य में लागू कर दी जाएगी। जिससे मरीजों को बड़े शहरों में जाने की जरूरत कम पड़ेगी और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज मिल सकेगा।
नई डॉक्टरों की नियुक्ति
डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए नेशनल हेल्थ मिशन के तहत नई भर्तियां की जा रही हैं। जरूरत पड़ने पर और भी नियुक्तियां की जाएगी। वहीं, पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को आउटसोर्सिंग के जरिए पूरा किया जाएगा।
बैठक में अस्पतालों के रखरखाव और खर्च की भी समीक्षा की गई। ज्यादातर जिलों ने 90% से ज्यादा बजट खर्च कर लिया है, बाकी रकम भी जल्द खर्च करने को कहा गया है।