Jharkhand News: कुख्यात अमन श्रीवास्तव को झारखंड हाईकोर्ट से एक बड़ी कानूनी राहत मिली है. एटीएस (ATS) रांची कांड संख्या 10/23 में सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की खंडपीठ ने अमन श्रीवास्तव को जमानत प्रदान कर दी है. इस मामले में अमन श्रीवास्तव और उनके सहयोगियों पर आपराधिक साजिश रचकर व्यवसायियों से लाखों रुपए की रंगदारी वसूलने का गंभीर आरोप था.
एटीएस की विशेष अदालत में आरोप गठित
अमन श्रीवास्तव की मुश्किलें अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं, क्योंकि एटीएस की विशेष अदालत ने इस मामले में पहले ही आरोप गठित कर दिए हैं. अमन के अलावा इस केस में इजाज अंसारी, मिंकु खान, फिरोज खान, जहीर अंसारी, सुरेंद्र कुमार और मो. आलम उर्फ नेपाली को भी आरोपी बनाया गया है. इन सभी पर गिरोह बनाकर संगठित अपराध और रंगदारी वसूलने के तहत मुकदमा चल रहा है.
क्या था पूरा मामला?
यह मामला 20 जुलाई 2023 का है, जब एटीएस की टीम ने पतरातू-पिठोरिया मार्ग पर एक बड़ी कार्रवाई की थी. टीम ने एजाज अंसारी नामक अपराधी को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 49.84 लाख रुपए नकद बरामद हुए थे. जांच में खुलासा हुआ कि एजाज, अमन श्रीवास्तव के निर्देश पर कोयला कारोबारियों से रंगदारी वसूल कर ले जा रहा था. इसी मामले को आधार बनाकर एटीएस ने अमन श्रीवास्तव को मुख्य साजिशकर्ता के रूप में नामजद किया था.