Jharkhand: झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है. राज्य सरकार ने चार विभागों के क्षेत्रीय कार्यालयों में होने वाली 836 लिपिक पदों की भर्ती प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया है. इन पदों के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेजी गई नियुक्ति संबंधी अधियाचनाएं वापस लेने का फैसला किया गया है.
कार्मिक विभाग ने जारी किया आदेश
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी निर्देश के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए रिक्त पदों के प्रस्ताव वापस ले लिए गए हैं. इसके साथ ही JSSC को इन पदों पर चल रही आगे की नियुक्ति प्रक्रिया को रोकने का निर्देश दिया गया है.
नई नियमावली के तहत होगी प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, इन लिपिक पदों के लिए JSSC ने वर्ष 2023 और 2024 में विज्ञापन जारी किया था. बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन भी किया था और आयोग परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा था. लेकिन राज्य सरकार की ओर से नई लिपिकीय नियुक्ति नियमावली लागू करने की तैयारी के बाद पुरानी प्रक्रिया को रोक दिया गया. अब सभी विभागों के क्षेत्रीय कार्यालयों में खाली पड़े लिपिक पदों की जानकारी नई व्यवस्था के तहत एक साथ तैयार कर JSSC को भेजी जाएगी.
नई अधियाचना में बढ़ सकते हैं पद
सरकारी सूत्रों के अनुसार, दोबारा भेजी जाने वाली अधियाचना में पदों की संख्या पहले से अधिक हो सकती है. सरकार का उद्देश्य सभी विभागों की रिक्तियों को एकीकृत तरीके से शामिल कर नई नियमावली के अनुसार नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करना है.
अभ्यर्थियों को नई घोषणा का इंतजार
फिलहाल सरकार की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि नई अधियाचना कब जारी होगी और भर्ती प्रक्रिया दोबारा कब शुरू की जाएगी. परीक्षा की तारीख और नियुक्ति प्रक्रिया की समय-सीमा को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में हजारों अभ्यर्थियों को अब सरकार और JSSC की अगली घोष णा का इंतजार करना होगा.