Jharkhand News: सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में डीपीएस बोकारो के छात्र आदित्य मिश्रा ने नया इतिहास रच दिया है। पुनर्मूल्यांकन के बाद उनके अंक 99.20 प्रतिशत से बढ़कर 99.60 प्रतिशत हो गए हैं। इस शानदार उपलब्धि के साथ आदित्य साइंस स्ट्रीम में देश के संयुक्त नेशनल टॉपर बन गए हैं। उन्होंने कानपुर की छात्रा सोनाक्षी गोयल के साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।
500 में 498 स्कोर के साथ झारखंड टॉपर से बने संयुक्त नेशनल टॉपर
पुनर्मूल्यांकन में बायोलॉजी विषय के अंक 96 से बढ़कर 99 हो गए, जिससे उनके कुल अंक 500 में 498 पहुंच गए। इससे पहले आदित्य झारखंड के स्टेट टॉपर थे, लेकिन अब उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा दिया है। उनकी इस सफलता ने डीपीएस बोकारो, जिले और पूरे झारखंड का मान बढ़ाया है।
डॉक्टर बनकर मानवता की सेवा करना चाहते हैं आदित्य
डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने आदित्य को सम्मानित करते हुए इसे विद्यालय और राज्य के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। आदित्य का सपना डॉक्टर बनकर मानवता की सेवा करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और उनके निरंतर मार्गदर्शन को दिया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय और जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।