Jharkhand News: सचिवालय सेवा संवर्ग के विस्तार के लिए गठित कैडर रिव्यू कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक 12 मई को होने जा रही है. कार्मिक प्रशासनिक विभाग ने इस संबंध में सभी सदस्यों को आधिकारिक सूचना भेज दी है. बता दें कि इससे पहले यह बैठक 5 मई को प्रस्तावित थी, लेकिन समय पर सूचना का आदान-प्रदान न होने के कारण इसे टालना पड़ा था.
उप और संयुक्त सचिव के सृजित होंगे नए पद
इस बैठक का मुख्य एजेंडा सचिवालय सेवा में उप सचिव और संयुक्त सचिव स्तर के नए पदों का सृजन करना है. विभिन्न विभागों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए पदों के निर्माण की प्रक्रिया काफी समय से चल रही है. अब कमेटी इन प्रस्तावों को अंतिम रूप देने पर विचार करेगी, जिससे सेवा संवर्ग में कामकाज की गति और बेहतर होने की उम्मीद है.
विरोध के बाद संघ के प्रतिनिधि भी शामिल
शुरुआत में कैडर रिव्यू कमेटी में सचिवालय सेवा संघ के पदाधिकारियों को जगह नहीं दी गई थी, जिस पर संघ ने कड़ा विरोध जताया था. इसके बाद सरकार ने झुकते हुए समिति में संशोधन किया. अब संघ के अध्यक्ष रितेष कुमार सिंह और महासचिव राजेश कुमार सिंह को भी सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है, जो बैठक में कर्मचारियों का पक्ष रखेंगे.
65 नए पदों का है प्रस्ताव
कमेटी की इस बैठक में कुल 65 नए पदों के प्रस्ताव पर मंथन होगा, जिसमें उप सचिव के 41 और संयुक्त सचिव के 24 नए पद शामिल हैं. वर्तमान स्थिति की बात करें तो सचिवालय सेवा संवर्ग में अभी उप सचिव के 54 और संयुक्त सचिव के 23 पद स्वीकृत हैं. नए पदों की मंजूरी मिलने के बाद अधिकारियों के लिए प्रमोशन के रास्ते भी साफ होंगे.