Jharkhand: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके जवाब में भारत की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि देश ने पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया था, जिसके बाद पाकिस्तान को झुकने पर मजबूर होना पड़ा। अपने पोस्ट में उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य, साहस और देशभक्ति की खुलकर सराहना की और कहा कि इस अभियान ने पूरी दुनिया को भारत की सैन्य क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का एहसास कराया।
“वीर सैनिकों के पराक्रम ने दुश्मनों में डर पैदा किया”
चंपाई सोरेन ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सैनिकों ने जिस बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, वह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने लिखा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने अपने अदम्य साहस से यह साबित कर दिया कि देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार इस कार्रवाई ने भारत विरोधी ताकतों और देश के दुश्मनों के मन में भय पैदा कर दिया है।
पुरानी सरकारों और मौजूदा नीति की तुलना भी की
अपने बयान में चंपाई सोरेन ने पहले की सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब मुंबई जैसे बड़े आतंकी हमलों के बाद भी देश की सरकारें खामोश रहती थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने “ना भूलेंगे, ना माफ करेंगे” की नीति अपनाई है, जिसके तहत आतंकवाद का जवाब उसी भाषा में दिया जा रहा है।
सर्जिकल स्ट्राइक से ऑपरेशन सिंदूर तक का किया जिक्र
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि “नया भारत” अब अपने ऊपर होने वाले हर हमले का करारा जवाब देने में सक्षम है। उनके मुताबिक देश अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और सख्त नीति के साथ आगे बढ़ रहा है।