Kharkhai River Water Level: लगातार बारिश और ऊपरी जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण खरखई नदी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष, डिजाइन डिवीजन नंबर-3, आदित्यपुर की ओर से सुबह 8 बजे जारी दैनिक रिपोर्ट में नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर दर्ज किया गया है.
खरखई नदी 2.52 मीटर ऊपर
रिपोर्ट के अनुसार, आदित्यपुर स्थित खरखई ब्रिज पर नदी का वर्तमान जलस्तर 131.52 मीटर दर्ज किया गया है. यहां खतरे का निशान 129.00 मीटर है. इस तरह खरखई नदी खतरे के निशान से 2.52 मीटर ऊपर बह रही है. नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ रहा है.
बांकबल डैम के दो गेट खुले
ओडिशा के रायरंगपुर स्थित बांकबल डैम में पानी का मौजूदा स्तर 303.50 मीटर है. डैम का पूर्ण जलाशय स्तर 305.00 मीटर है. पानी के दबाव को देखते हुए इसके दो गेट खोले गए हैं और 243.32 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है. बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में बांकबल डैम के क्षेत्र में 164 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
खरखई डैम से भी पानी छोड़ा जा रहा
रायरंगपुर स्थित खरखई डैम का वर्तमान जलस्तर 311.57 मीटर है, जबकि इसका पूर्ण जलाशय स्तर 313.50 मीटर है. डैम के दो गेट खुले हैं और वहां से 260.51 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है. खरखई डैम के क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 135 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
गांजिया बैराज के 15 गेट खुले
झारखंड के गांजिया बैराज में भी जलस्तर बढ़ रहा है. यहां वर्तमान जलस्तर 137.20 मीटर दर्ज किया गया है. बैराज के 15 गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं. गांजिया बैराज से फिलहाल 3844.41 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है. रिपोर्ट में बैराज का जलस्तर भी बढ़ने का रुझान बताया गया है.
निचले इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, ओडिशा के ऊपरी जलाशयों के क्षेत्र में भारी बारिश के कारण लगातार पानी छोड़ा जा रहा है. इसका असर खरखई नदी के जलस्तर पर पड़ रहा है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आदित्यपुर और जमशेदपुर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी व निचले इलाकों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है.