Kharsawan Crime News: खरसावां थाना क्षेत्र में हुए बाया सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में मृतक की पत्नी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा फरसा, एक स्कूटी और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
मामले में मृतक के भाई सुखराम सरदार ने खरसावां थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. इसके आधार पर मृतक की पत्नी सुनीता सरदार और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया.
सरायकेला एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों में सुनीता सरदार, सोमा मुंडा उर्फ लुबू मुंडा, बीर सिंह मुंडा उर्फ सुबिल मुंडा और बिरा मुंडा शामिल हैं.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोमा मुंडा का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ कुचाई थाना में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है.
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.