Khunti News: खूंटी के बिरसा कॉलेज में स्नातक की सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया. ABVP के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र बिरसा मुंडा की प्रतिमा के पास जुटे और सीट बढ़ाने की मांग को लेकर नारे लगाए. छात्रों ने कहा कि सीटों की कमी से कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा से दूर हो सकते हैं.
सीट बढ़ाने को लेकर छात्रों का प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “सीट बढ़ाओ, विद्यार्थियों का भविष्य बचाओ” और “हर बच्चे को पढ़ने दो, बिरसा कॉलेज बढ़ने दो” जैसे नारे लगाए. विद्यार्थियों की मांग है कि कॉलेज में स्नातक की सीटें क्षेत्र की जरूरत के हिसाब से बढ़ाई जाएं.
ग्रामीण छात्रों के लिए अहम कॉलेज
छात्रों ने कहा कि बिरसा कॉलेज खूंटी और आसपास के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है. कई विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं. उनके लिए पढ़ाई करने दूसरे शहर जाना आसान नहीं है. ऐसे में कॉलेज में सीटें कम होने से कई विद्यार्थियों के नामांकन से वंचित रहने की स्थिति बन सकती है.
ABVP ने दी आंदोलन की चेतावनी
ABVP के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि सीटों की कमी के कारण किसी भी विद्यार्थी को उच्च शिक्षा से वंचित नहीं होना चाहिए. उन्होंने बताया कि संगठन पहले भी अधिकारियों के सामने यह मांग रख चुका है. अब जल्द निर्णय लेने की मांग की जा रही है. प्रकाश टुटी ने कहा कि अगर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया तो ABVP विद्यार्थियों के साथ लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी.
छात्रों के नामांकन को लेकर चिंता
क्षेत्रीय प्रमुख रवि अग्रवाल ने कहा कि सीट उपलब्ध नहीं होने के कारण कई विद्यार्थियों का नामांकन नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि सीट की कमी की वजह से किसी छात्र को पढ़ाई छोड़ने की स्थिति नहीं आनी चाहिए. रीना ओड़आ ने नामांकन करा चुके विद्यार्थियों से भी उन छात्रों के लिए आवाज उठाने की अपील की, जिन्हें अभी प्रवेश नहीं मिल पाया है.
विश्वविद्यालय से जल्द फैसले की मांग
सुखराम हेमरोम ने कहा कि ABVP विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर आगे भी सक्रिय रहेगी. वहीं सुशांति तो ने विश्वविद्यालय और संबंधित विभाग से जल्द निर्णय लेने की मांग की. उन्होंने बिरसा कॉलेज में स्नातक की सीटें पर्याप्त संख्या में बढ़ाने की अपील की.