Khunti: झारखंड के खूंटी जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को लगातार दूसरे दिन बड़ी कामयाबी मिली है। अड़की थाना क्षेत्र में पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा (अफीम निर्माण में प्रयुक्त कच्चा पदार्थ) बरामद किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को सूचना मिली थी कि अड़की थाना अंतर्गत ग्राम नौढ़ी के बाबू टोली में अंकित हजाम और लालू हजाम के घर में अवैध डोडा छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
दोपहर में घेराबंदी कर शुरू की गई तलाशी
गुरुवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध घर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान वहां मौजूद युवक ने अपनी पहचान अंकित हजाम उर्फ साजु ठाकुर के रूप में बताई।
पूछताछ के दौरान उसने अपने भाई लालू हजाम के साथ मिलकर डोडा के अवैध कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की।
21 बोरे में 330.21 किलो डोडा बरामद
अंकित की निशानदेही पर पुलिस ने घर से कुल 21 बोरे में भरा 330.21 किलोग्राम डोडा बरामद किया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 49.53 लाख रुपये आंकी गई है।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दूसरे आरोपी लालू हजाम को भी गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में अड़की थाना में दर्ज करते हुए नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के अलावा सब-इंस्पेक्टर मनीष कुमार, कुंदन कुमार तथा अड़की थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एक दिन पहले भी हुई थी बड़ी बरामदगी
इस कार्रवाई से एक दिन पहले 25 मार्च को जरियागढ़ थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की थी। उस दौरान 39.79 किलोग्राम डोडा और 6.320 किलोग्राम अफीम बरामद किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 36 लाख रुपये बताई गई थी।
उस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों संतोष आईंद, जीवन जशमन आईंद उर्फ लेबरे, महादेव टुटी उर्फ मनीष और जाठा संगा उर्फ मुकटरा संगा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
लगातार कार्रवाई से तस्करों में खलबली
लगातार दो दिनों में हुई इन बड़ी कार्रवाइयों से जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।