Khunti News : झारखंड के खूंटी जिले में रविवार को पुलिस और पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। जरियागढ़ थाना क्षेत्र के तिलमी जंगल में गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए सर्च अभियान के दौरान दोनों ओर से गोलीबारी हुई। मुठभेड़ में पीएलएफआई का टॉप कमांडर श्रवण दास घायल हो गया, जबकि उसके दस्ते के कई अन्य सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर इलाके में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इसी दौरान जंगल में छिपे उग्रवादियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ में श्रवण दास घायल हो गया।
घायल उग्रवादी अस्पताल में भर्ती, हथियार और कारतूस बरामद
घायल श्रवण दास को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं अभियान के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से चार पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक दर्जन से अधिक जिंदा कारतूस और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिससे संगठन की गतिविधियों और अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
इलाके में सर्च अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद पूरे जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी है। पुलिस को आशंका है कि कुछ उग्रवादी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए हैं। उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने इसे नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।