Koderma: कोडरमा के लोगों को अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने के लिए अब कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. जिला प्रशासन ने शिकायत दर्ज कराने के लिए एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की है. इसके तहत MEETA Portal पर WhatsApp के जरिए भी शिकायत दर्ज की जा सकेगी. इसके लिए प्रशासन ने 77392-24365 मोबाइल नंबर जारी किया है.
मोबाइल से सीधे भेज सकेंगे शिकायत
कोडरमा के नागरिक अपने मोबाइल से इस WhatsApp नंबर पर संदेश भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. इसके अलावा जारी किए गए QR Code को स्कैन करके भी शिकायत भेजने की सुविधा मिलेगी. शिकायत के साथ संबंधित फोटो, वीडियो और जरूरी जानकारी भी भेजी जा सकती है. इससे प्रशासन को समस्या समझने और उसके समाधान की प्रक्रिया को तेज करने में मदद मिलेगी.
शिकायत पर होगी त्वरित कार्रवाई
WhatsApp के जरिए मिलने वाली शिकायतों पर जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा. शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों को समय-समय पर उनकी शिकायत की स्थिति की जानकारी भी दी जाएगी. साथ ही, शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है, इसकी जानकारी भी शिकायतकर्ता को मिलती रहेगी.
लोगों के लिए आसान होगी शिकायत की प्रक्रिया
जिला प्रशासन का कहना है कि इस सुविधा से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी होगी. नागरिक अपने आसपास की जनसमस्याओं की जानकारी भी प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे. प्रशासन ने जिले के लोगों से इस डिजिटल सुविधा का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की है.
"आपकी शिकायत, हमारी प्राथमिकता"
जिला प्रशासन ने "आपकी शिकायत - हमारी प्राथमिकता - त्वरित समाधान" के संकल्प के साथ इस सुविधा की शुरुआत की है. प्रशासन का उद्देश्य नागरिक सेवाओं को ज्यादा सरल, सुलभ और लोगों के लिए उपयोगी बनाना है.