National News: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने डीआईजी रैंक के आईपीएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने के लिए सभी राज्य सरकारों को पत्र लिखकर नामांकन भेजने का अनुरोध किया है. मंत्रालय के अनुसार, नेशनल कमीशन फॉर सचेडूलेड कासतेस में डीआईजी स्तर का एक पद खाली है, जिसे प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरा जाना है.
ऑपरेशनल जिम्मेदारियों का अनुभव जरूरी
जारी पत्र में बताया गया है कि यह पद पे-मैट्रिक्स के लेवल-13A के अंतर्गत आता है. इसके लिए वही अधिकारी आवेदन के पात्र होंगे, जिन्होंने निर्धारित सेवा अवधि और सीनियरिटी पूरी कर ली हो. मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक अधिकारी के पास फील्ड स्तर पर काम करने का मजबूत और व्यावहारिक अनुभव होना चाहिए. विशेष रूप से ऑपरेशनल जिम्मेदारियों का अनुभव जरूरी माना गया है.
गृह मंत्रालय ने राज्य सरकारों से कहा है कि वे योग्य अधिकारियों के नाम जल्द भेजें. साथ ही, नामांकन के साथ संबंधित अधिकारी का पूरा विजिलेंस स्टेटस भी अनिवार्य रूप से संलग्न किया जाए. मंत्रालय ने साफ किया है कि बिना विजिलेंस क्लीयरेंस के किसी भी अधिकारी के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा.
माना जा रहा है कि इस पद पर नियुक्त अधिकारी आयोग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक और जांच संबंधी जिम्मेदारियां संभालेंगे. अब राज्यों को योग्य और अनुभवी आईपीएस अधिकारियों के नाम तय कर केंद्र को भेजना है.