Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-13

National News: वेस्ट एशिया तनाव के बीच सरकार का आश्वासन, LPG सप्लाई सामान्य

National News: वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने देश में रसोई गैस (LPG) की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट की है. सरकार ने कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है. साथ ही यह भी बताया गया कि PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) और CNG (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति में भी किसी तरह की कटौती नहीं की गई है.


पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार ने गैस आपूर्ति को व्यवस्थित रखने के लिए कई कदम उठाए हैं. उन्होंने बताया कि अस्पतालों और हॉस्टलों को LPG की सप्लाई में प्राथमिकता दी जा रही है. इसके साथ ही 5 मार्च 2026 की तुलना में देश में LPG उत्पादन को करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है.


राज्यों को केरोसीन का अतिरिक्त आवंटन
सरकार ने आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने के लिए राज्यों को 48 हजार किलोलीटर यानी लगभग 4.8 करोड़ लीटर केरोसीन जारी किया है. इसके अलावा होटल और रेस्टोरेंट जैसे व्यावसायिक उपभोक्ताओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कोल इंडिया को कोयले की पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

LPG बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी
सरकार के अनुसार पिछले कुछ दिनों में LPG की बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। 12 मार्च 2026 को देशभर में LPG की बुकिंग 75.7 लाख तक पहुंच गई, जबकि इससे पहले यह औसतन करीब 55.7 लाख के आसपास रहती थी. अधिकारियों का मानना है कि लोग एहतियात के तौर पर जरूरत से ज्यादा गैस बुक कर रहे हैं.

PNG कनेक्शन अपनाने की सलाह
सरकार ने लोगों से अपील की है कि जहां संभव हो, वहां PNG कनेक्शन का इस्तेमाल करें, ताकि LPG पर दबाव कम हो सके. सुजाता शर्मा ने बताया कि कई बड़े शहरों में कई व्यावसायिक उपभोक्ता अभी भी LPG पर निर्भर हैं, जिससे सप्लाई पर दबाव बढ़ रहा है. ऐसे उपभोक्ताओं को अपने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क या स्थानीय डीलर से संपर्क कर PNG कनेक्शन लेने की सलाह दी गई है.

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल और डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है. भारत के पास लगभग 258 मिलियन मीट्रिक टन की रिफाइनिंग क्षमता है और देश इन ईंधनों के उत्पादन में लगभग आत्मनिर्भर है.

अफवाहों से दूर रहने की अपील
अधिकारियों ने बताया कि देश में करीब 25 हजार LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स काम कर रहे हैं और कहीं भी गैस खत्म होने की स्थिति नहीं बनी है. सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर जरूरत से ज्यादा गैस बुकिंग न करें.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !