National News: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के आवेदन फॉर्म में संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने आवेदन पत्र में ऑनलाइन बदलाव कर सकते हैं.
एनटीए की ओर से जारी सूचना के अनुसार, करेक्शन विंडो 26 मई से 28 मई 2026 रात 11:50 बजे तक सक्रिय रहेगी. तय समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार के सुधार की अनुमति नहीं दी जाएगी.
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को आवेदन में सुधार का केवल एक अवसर मिलेगा. एक बार करेक्शन फॉर्म सबमिट होने के बाद आवेदन फ्रीज हो जाएगा और उसमें दोबारा बदलाव संभव नहीं होगा.
अभ्यर्थी जन्मतिथि, लिंग, कैटेगरी, उप-श्रेणी, विषय और परीक्षा केंद्र शहर जैसी जानकारियों में संशोधन कर सकेंगे. वहीं नाम, पिता के नाम या माता के नाम में से किसी एक विवरण में ही बदलाव की अनुमति दी गई है.
मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, पता, फोटो और हस्ताक्षर में किसी तरह का संशोधन नहीं किया जा सकेगा. अगर किसी बदलाव के कारण अतिरिक्त शुल्क बनता है, तो उम्मीदवारों को ऑनलाइन माध्यम से उसका भुगतान करना होगा. शुल्क जमा नहीं होने की स्थिति में आवेदन में किया गया सुधार मान्य नहीं होगा.
एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन में बदलाव करते समय सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक जांच लें, क्योंकि करेक्शन के बाद दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा. किसी भी तकनीकी समस्या या सहायता के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पलाइन 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं.