Pakur: झारखंड के पाकुड़ जिले के आमडापाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को बरमसिया गांव के पास स्थित जंगल इलाके में की गई।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति बरमसिया मोड़ से कोयला रोड की दिशा में घूम रहा है और उसके पास हथियार होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर आमडापाड़ा थाना पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई और इलाके में अभियान चलाया गया।
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, पीछा कर पकड़ा
विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी को देखते ही एक युवक भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर बरमसिया गांव के पास जंगल क्षेत्र में उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान तालु मुर्मू उर्फ खलासी के रूप में बताई। वह साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के छोटा लक्ष्मी गांव का रहने वाला है. और उसके पिता का नाम स्वर्गीय मंगल मुर्मू बताया गया है।
तलाशी में मिला देसी कट्टा और जिंदा कारतूस
पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद आमडापाड़ा थाना में दिनांक 4 मार्च 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पहले से भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ गोड्डा जिले के ललमटिया थाना में दो मामले और बोआरीजोर थाना में एक मामला दर्ज है। इसके अलावा साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना में भी उसके खिलाफ तीन मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।