Pakur News: पाकुड़ जिले में सियार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह करीब 4 बजे एक बार फिर सियार ने गांव के एक बच्चे पर हमला कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अब गांव में रहना मुश्किल हो गया है, क्योंकि हर समय यह डर बना रहता है कि कब सियार किसी बच्चे को निशाना बना दे। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।
3 माह के मासूम की गई जान, 3 साल की बच्ची घायल
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले भी सियार ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया था। उस दौरान एक 3 माह के दूधमुंहे बच्चे को हमला कर मौत के घाट उतार दिया था, जबकि 3 साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घायल बच्ची का इलाज जारी है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीण बेहद परेशान हैं और शाम ढलते ही गांव में सन्नाटा पसर जाता है।
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप, सुरक्षा की उठी मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार घटनाओं के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। भाजपा नेत्री मिस्फिका हसन ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और आर्थिक सहयोग भी दिया। साथ ही जिला प्रशासन से घायल बच्ची के बेहतर इलाज और गांव की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।