Palamu: झारखंड राज्य के पांकी प्रखंड में आयोजित महाशिवरात्रि मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोलगप्पा खाने के बाद 50 से अधिक बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मेले की रौनक कुछ ही पलों में चिंता में बदल गई और परिजन बच्चों को गोद में उठाकर इलाज के लिए दौड़ पड़े।
उल्टी, पेट दर्द और चक्कर की शिकायत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चों ने मेले में लगे एक खाद्य स्टॉल से गोलगप्पा खाया था। कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें होने लगीं। बच्चों की हालत बिगड़ती देख अभिभावकों में हड़कंप मच गया। तत्काल सभी बच्चों को पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया।
अस्पताल में चला त्वरित इलाज, हालत स्थिर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देते हुए सभी बच्चों को निगरानी में रखा। डॉक्टरों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और उन्हें लगातार ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
जनप्रतिनिधियों ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही पांकी विधायक डॉ शशि भूषण मेहता के जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से बच्चों के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान समाजसेवी सुनील गुप्ता भी अस्पताल में मौजूद रहे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रशासन करेगी जांच
घटना के बाद प्रशासन ने मेले में लगे खाद्य स्टॉलों की जांच कराने के संकेत दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम संभावित लापरवाही और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच करेगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।