Palamu: पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के मुनकेरी गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया. आहर में नहाने के दौरान डूबने से दो सगे भाई-बहन की मौत हो गई. मृतकों की पहचान रहमत अली की 12 वर्षीय बेटी सना फैजिया और 10 वर्षीय बेटे आवेश रजा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे सोमवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच घर से निकले थे. इसके बाद वे गांव के आहर में नहाने चले गए.
नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. उनके साथ नहा रहे दूसरे बच्चों ने जब दोनों को काफी देर तक पानी से बाहर नहीं आते देखा, तो शोर मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को जानकारी दी. आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण आहर के पास पहुंचे. काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया. घटना की जानकारी मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने घटना की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ. ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव आहर से बाहर निकाल लिए गए थे.
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मेदिनीनगर भेज दिया है. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है. दोनों बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में भी शोक का माहौल है.