पटना: जिले के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर इलाके में बहु द्वारा सास की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना में रूप से घायल 70 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी बहू की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और मातम का माहौल है।
पूरा मामला
मृतका का नाम साबरा खातून बताया जा रहा है। परिजन ने बताया कि 9 मार्च को घर में अकेला पाकर बहू गुल अफसा खातून ने अपनी सास को कमरे में बुलाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और बेलन और अन्य घरेलू सामान से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया और उन पर मिर्ची भी डाल दी गई। लगातार पिटाई से साबरा खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतका के पति कादिर कुरैशी ने बताया कि उनकी पोती ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। बच्ची ने बताया कि दादी बार-बार पूछ रही थीं कि उन्हें क्यों मारा जा रहा है और उनकी क्या गलती है, लेकिन इसके बावजूद बहु पिटाई करती रही। घटना के बाद आरोपी बहू अपने दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गई।
मोहल्ले और परिवार के लोग ले गए अस्पताल
परिवार और मोहल्ले के लोग गंभीर हालत में घायल साबरा खातून को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना एम्स रेफर कर दिया जहाँ इलाज के दौरान साबरा खातून मौत हो गई है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका साबरा खातून को तीन बेटियां और चार बेटे हैं । मृतका के बेटे अनवर और परिवार के अन्य लोगों ने बताया कि आरोपी बहू गुल अफसा खातून का मायका पालीगंज के मुस्लिम मोहल्ला में है। घटना के बाद वह अपने दोनों बच्चों को लेकर वहीं फरार हो गई।
पुलिस कर रही है छापेमारी
पुलिस की टीम ने पालीगंज में भी छापेमारी की, लेकिन आरोपी वहां से भी फरार मिली। बताया जाता है कि मृतका का बेटा अनवर एक सर्विस सेंटर में काम करता है. घटना के बाद परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। फिलहाल बहु फरार है। इधर पुलिस ने शव को पटना एम्स में पोस्टमार्टम करा परिवार को सौप दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बहू की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।