Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-04

Railway News: गोड्डा रेलवे स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं, जुलाई से शुरू हो सकता है कोचिंग डिपो

Railway News: गोड्डा रेलवे स्टेशन पर आने वाले दिनों में यात्रियों को कई नई सुविधाएं मिलने वाली हैं. मालदा डिवीजन के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) अमरेन्द्र कुमार मौर्य ने बताया कि स्टेशन पर बन रहा कोचिंग डिपो अगले महीने तक तैयार हो जाएगा. इसके शुरू होने के बाद गोड्डा से खुलने वाली ट्रेनों का रखरखाव स्थानीय स्तर पर ही किया जा सकेगा.

एडीआरएम गुरुवार को अधिकारियों की टीम के साथ गोड्डा स्टेशन पहुंचे और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म, कोचिंग डिपो और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली.

उन्होंने बताया कि फिलहाल गोड्डा से चलने वाली कुछ ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए उन्हें भागलपुर भेजना पड़ता है. कोचिंग डिपो के चालू होने के बाद यह परेशानी खत्म हो जाएगी. गोड्डा से चलने वाली दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस और मुंबई जाने वाली एलटीटी ट्रेन का रखरखाव भी यहीं किया जा सकेगा.

जुलाई में शुरू हो सकता है कोचिंग डिपो
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कोचिंग डिपो का काम लगभग अंतिम चरण में है और जुलाई तक इसके शुरू होने की संभावना है. इसके बाद गोड्डा से नई ट्रेनों के परिचालन की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं.

रेलवे का मानना है कि कोचिंग डिपो बनने से भागलपुर के कोचिंग डिपो पर दबाव भी कम होगा, जहां वर्तमान में ट्रेनों के रखरखाव का अतिरिक्त भार है.

एडीआरएम ने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के बेहतर कनेक्शन पर भी काम कर रहा है. अगर गोड्डा से खुलने वाली ट्रेनों का जसीडीह, भागलपुर, दुमका या हंसडीहा से बेहतर मेल बनाया जा सके तो यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा.

लिफ्ट और यात्री सुविधाओं पर भी तेजी से काम
निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने बताया कि गोड्डा स्टेशन पर रनिंग रूम बनाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी. प्लेटफॉर्म नंबर चार पर लिफ्ट लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा.
इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर चार पर यात्री शेड बनाने की योजना है. प्लेटफॉर्म नंबर दो और तीन पर भी लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है.

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्टेशन पर सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है ताकि यात्रियों को ज्यादा सहूलियत मिल सके.

निरीक्षण के बाद एडीआरएम अडाणी पावर प्लांट के लिए रवाना हो गए. इस दौरान रेलवे के कई अधिकारी, कर्मचारी और स्टेशन प्रबंधक ज्योति सोरेन मौजूद रहे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !