Ramgarh News : जिले के भूरकुंडा ओपी क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कुख्यात राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, रामगढ़ पुलिस द्वारा राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विशेष जांच दल का गठन किया गया था, जो संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थी। सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह का सदस्य सनी सिंह भूरकुंडा क्षेत्र में अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।
पुलिस वैन को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
सूचना के आधार पर SIT टीम ने भूरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में सघन छापेमारी शुरू की। इसी दौरान दुमुहाना मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। छापेमारी के दौरान संदिग्ध ने पुलिस वाहन को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की गोली पतरातू थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे और बंपर में लगी, हालांकि थाना प्रभारी इस हमले में बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सनी सिंह के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर प्राथमिक उपचार के बाद भूरकुंडा स्थित CCL अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है। बरामद सामान के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।