Ramgarh News : रामगढ़ जिले के चितरपुर-रजरप्पा प्रोजेक्ट मार्ग पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना सांडी गांव के समीप हुई, जहां गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सदर अस्पताल, रामगढ़ पहुंचाया गया।
टक्कर के बाद घर में जा घुसा ट्रैक्टर, चालक मौके से फरार
जानकारी के अनुसार, चितरपुर निवासी अभिजीत कुमार अपनी मां सविता देवी और चचेरी बहन आलिया कुमारी के साथ बाइक से रजरप्पा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सांडी गांव में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के आवास के पास सामने से आ रहे गिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पास के एक मकान में जा घुसा। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
एक घायल रांची रेफर, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर रजरप्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अभिजीत कुमार को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि सविता देवी और आलिया कुमारी का इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में जारी है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।