Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-19

Ranchi News: करमटोली से रिंग रोड तक 8.20 किमी सड़क होगी दुरुस्त, 4.78 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Ranchi News: राजधानी रांची में करमटोली चौक से मदरा मुंडा चौक होते हुए रिंग रोड तक जाने वाली सड़क की स्थिति जल्द सुधरने वाली है। पथ निर्माण विभाग ने 8.20 किलोमीटर लंबी सड़क की ऊपरी सतह को नए सिरे से दुरुस्त करने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस काम पर 4 करोड़ 78 लाख 69 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।


विभाग की ओर से 14 अगस्त 2026 को योजना को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। सड़क के कई हिस्सों में सतह खराब हो चुकी है। कई जगह सड़क उखड़ने और ऊबड़-खाबड़ होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


2026-27 में पूरा होगा सड़क मरम्मत का काम

सरकार ने सड़क सुधार का पूरा काम वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। योजना के तहत 478.69 लाख रुपये खर्च कर सड़क की ऊपरी सतह को दुरुस्त किया जाएगा। राशि की निकासी रांची कोषागार से होगी। काम की जिम्मेदारी पथ प्रमंडल, रांची के कार्यपालक अभियंता को दी गई है।




हर महीने होगी योजना की समीक्षा

सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य की प्रगति की हर महीने समीक्षा की जाएगी। पथ निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता (यातायात), रांची को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि योजना के लिए किसी अन्य स्रोत से राशि प्राप्त होती है, तो उसी मद में दोबारा राशि की निकासी नहीं की जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित विभाग को इसकी जानकारी देनी होगी।


विभागीय स्तर पर मिल चुकी है मंजूरी

योजना को विभागीय स्तर पर प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। आंतरिक वित्तीय सलाहकार ने भी प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। हालांकि, स्वीकृत 4.78 करोड़ रुपये की राशि में Quality Control के लिए अलग से प्रावधान नहीं किया गया है। सड़क का काम पूरा होने के बाद करमटोली चौक से मदरा मुंडा चौक और रिंग रोड की ओर आने-जाने वाले लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात सुगम होने की संभावना है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !