Ranchi News: अरगोड़ा निवासी राजीव कुमार गोस्वामी के घर में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान घर का गेट चोरी हो गया। घटना की शिकायत अरगोड़ा थाना में दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सुखदेवनगर इलाके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस को चोरी के सामान के एक बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली।
कबाड़ी दुकान की आड़ में रखा जाता था चोरी का सामान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि अरगोड़ा से चोरी किया गया गेट ही नहीं, बल्कि कई अन्य चोरी का सामान भी उनके पास था। आरोपियों ने बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में रिंग रोड के पास पारचुटु इलाके में एक घर में चोरी का सामान रखे होने की जानकारी दी।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने इस मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें त्रिदेव कुमार, सरोज कुमार, रामविनय साह, देवनारायण साह, रंजन कुमार, गुरुदेव कुमार, विजय कुमार साहु और अमरेश साह शामिल हैं।
सीतामढ़ी के दो आरोपी करते थे रेकी, स्थानीय लोग खपाते थे सामान
पुलिस के मुताबिक, त्रिदेव कुमार और सरोज कुमार बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले हैं। दोनों रांची और आसपास के इलाकों में घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद सामान को अन्य सहयोगियों की मदद से बीआईटी मेसरा इलाके की कबाड़ी दुकान में छिपाया जाता था।
गिरोह के छह अन्य सदस्य रांची के रहने वाले बताए गए हैं। इन पर चोरी का सामान कबाड़ी दुकान के जरिए बेचने में मदद करने का आरोप है। पुलिस ने त्रिदेव कुमार और सरोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी छह आरोपियों को बरियातू थाना में रखा गया है और उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
11.38 लाख रुपये समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस की छापेमारी में बीआईटी मेसरा निवासी कैलाश ठाकुर के घर से 11,38,500 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा लोहा के 169 सेना मेडल, चांदी जैसे मेटल की 5 पायल, सैमसंग कंपनी का एक मॉनिटर, एक कीबोर्ड, एक मिक्सी मशीन, करीब 1 किलो वजन का एल्युमिनियम का घोड़ा, करीब 50 किलो वजन के एल्युमिनियम केबल के दो बंडल, गलाए हुए एल्युमिनियम तार के 3 बंडल, 2 गैस सिलेंडर, पीतल की थाली और होंडा व हीरो कंपनी की बाइक भी बरामद की गई।
कई पुलिस टीमों ने मिलकर की कार्रवाई
छापेमारी अभियान में DSP नीरज कुमार, हटिया, पु०नि० सतीश कुमार गोराई (थाना प्रभारी, अरगोड़ा), पुअनि पिन्टु कुमार और पुअनि चंदन कुमार गुप्ता समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई में अरगोड़ा और बीआईटी मेसरा की पुलिस टीमों के साथ धुर्वा और विधानसभा थाना के सशस्त्र बल ने भी सहयोग किया।