Ranchi News: राजधानी रांची के व्यस्त सुजाता चौक पर इन दिनों एक ट्रैफिक जवान लोगों का खास ध्यान खींच रहा है. यहां तैनात होमगार्ड जवान अनु मुर्मू अपने अनोखे अंदाज में ट्रैफिक कंट्रोल करते नजर आते हैं. उनके काम करने का तरीका इतना अलग है कि लोग उन्हें अब “स्टाइलिश कॉप” कहकर बुलाने लगे हैं.
डांस स्टाइल में देते हैं ट्रैफिक के संकेत
तेज ट्रैफिक के बीच अनु मुर्मू सीटी और हाथों के इशारों के साथ हल्के-फुल्के डांस स्टेप्स का इस्तेमाल करते हैं. उनके इस अंदाज से वाहन चालकों का ध्यान तुरंत जाता है और वे आसानी से उनके निर्देशों का पालन करते हैं. इससे ट्रैफिक भी बेहतर तरीके से नियंत्रित हो रहा है.
साहिबगंज से हैं अनु, सादगी है उनकी पहचान
अनु मुर्मू मूल रूप से साहिबगंज के रहने वाले हैं और होमगार्ड जवान के रूप में अपनी सेवा दे रहे हैं. वे स्वभाव से शांत हैं और ज्यादा बोलने में विश्वास नहीं रखते. उनका कहना है कि वे बस चाहते हैं कि लोग नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें.
लोगों को पसंद आ रहा नया अंदाज
सुजाता चौक से गुजरने वाले लोग उनके काम की खूब तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि उनके इस तरीके से ट्रैफिक का तनाव कम होता है और माहौल भी थोड़ा हल्का महसूस होता है. जरूरत पड़ने पर वे खुद आगे बढ़कर जाम हटाने में भी मदद करते हैं.
जागरूकता भी बढ़ा रहे अनु मुर्मू
अनु मुर्मू का यह अनोखा तरीका सिर्फ ट्रैफिक संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को नियमों के प्रति जागरूक भी कर रहा ह. उनका यह प्रयास दिखाता है कि अलग सोच और समर्पण से काम को आसान और प्रभावी बनाया जा सकता है.