Ranchi News: दलमा वन्यजीव अभयारण्य में नियमों की अनदेखी कर बनाए गए निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। सेंट्रल इंपावर्ड कमेटी ने बिना आवश्यक अनुमति के बने अवैध निर्माण और टूरिज्म कॉटेज को हटाने का निर्देश दिया है। साथ ही ऐसे निर्माणों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है।
इको-सेंसिटिव जोन में निर्माण के लिए NOC जरूरी
कमेटी के अनुसार दलमा वन्यजीव अभयारण्य इको-सेंसिटिव जोन के अंतर्गत आता है। ऐसे क्षेत्रों में किसी भी निर्माण कार्य से पहले संबंधित वन्यजीव बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना आवश्यक है। बिना निर्धारित अनुमति के कराए गए निर्माण को नियमों के विरुद्ध माना गया है।
सरकारी राशि से बने कॉटेज की भी होगी जांच
दलमा क्षेत्र में बनाए गए कुछ टूरिज्म कॉटेज को लेकर भी कमेटी ने आपत्ति जताई है। जानकारी के अनुसार, इनमें कुछ निर्माण वन विभाग के अधिकारियों की ओर से सरकारी राशि से कराए गए थे। जिन कॉटेज के निर्माण के लिए वन्यजीव बोर्ड से आवश्यक NOC नहीं ली गई, उन्हें हटाने का निर्देश दिया गया है।
जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश
कमेटी ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण केवल हटाए ही नहीं जाएंगे, बल्कि इनके लिए जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया भी होगी। निर्माण की अनुमति देने या नियमों के उल्लंघन को रोकने में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सेंट्रल इंपावर्ड कमेटी का गठन सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर किया गया है और यह वन्यजीव अभयारण्यों में नियमों के अनुपालन की निगरानी करती है।