Ranchi News: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद रांची के कोकर निवासी राम प्रसाद घोष के लापता होने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। राम प्रसाद नेपाल की एक जलविद्युत परियोजना में प्रशासनिक पद पर कार्यरत हैं। बाढ़ के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद है और परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
राम प्रसाद कोकर के हैदर अली रोड के रहने वाले हैं। बाढ़ के बाद लगातार संपर्क की कोशिश के बावजूद जब परिवार को कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने नेपाली अधिकारियों से मदद लेने का फैसला किया।
नेपाली सेना के विदेशी संपर्क प्रभाग से मांगी मदद
परिजनों ने 27 अगस्त को काठमांडू स्थित नेपाली सेना मुख्यालय के विदेशी संपर्क प्रभाग से संपर्क किया। परिवार की ओर से ईमेल के जरिए राम प्रसाद का नाम, रांची का पता, भारतीय नागरिकता, ब्लड ग्रुप और पहचान से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी भेजी गई।
ईमेल के माध्यम से नेपाली अधिकारियों से अनुरोध किया गया कि राम प्रसाद के संबंध में जानकारी जुटाई जाए और यह पता लगाया जाए कि वह सुरक्षित हैं या नहीं। साथ ही उनके घायल होने या किसी अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति की भी जानकारी मांगी गई।
नेपाली सेना के जवाब से परिवार को जगी उम्मीद
अपर बाजार के व्यवसायी ज्योति कुमार ने बताया कि 27 अगस्त को दोपहर करीब 1:59 बजे नेपाली सेना को ईमेल भेजा गया था। इसका जवाब उसी दिन शाम करीब 5:36 बजे नेपाली सेना की ओर से प्राप्त हुआ।
नेपाली सेना ने राम प्रसाद की तलाश में हरसंभव सहायता का भरोसा परिवार को दिया है। इसके बाद परिजनों को उनके जल्द सुरक्षित मिलने की उम्मीद जगी है। हालांकि, राम प्रसाद का मोबाइल फोन अब भी बंद है और परिवार नेपाल से उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहा है।