Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-03

Ranchi News: पत्नी की संदिग्ध मौत मामले में बोकारो पुलिस ने सब-इंस्पेक्टर को रांची से किया गिरफ्तार

Ranchi: दहेज प्रताड़ना और पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में बोकारो पुलिस ने एक सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी संतोष यादव को रांची के ओरमांझी क्षेत्र से पकड़ा गया। पूरा मामला बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र का है, जहां उसकी पत्नी पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। जानकारी के अनुसार, 26 जून को गोमिया थाना क्षेत्र स्थित आवास में पिंकी कुमारी मृत अवस्था में मिली थीं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि उन्होंने फंदे से लटककर आत्महत्या की थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मृतका के परिजनों ने इसे दहेज प्रताड़ना का मामला बताते हुए पति और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोमिया चौक पर हुआ प्रदर्शन
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पिंकी कुमारी को दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि लगातार हो रहे उत्पीड़न से तंग आकर पिंकी ने आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना के अगले दिन 27 जून को मृतका के परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने गोमिया चौक पर चक्का जाम कर आरोपी सब-इंस्पेक्टर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कई घंटों तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।

ओरमांझी से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। गोमिया थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी संतोष यादव फरार हो गया था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी। लगातार निगरानी के बाद पुलिस को आरोपी की लोकेशन रांची के ओरमांझी क्षेत्र में मिली। इसके बाद बोकारो पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर संतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !