Ranchi News: राजधानी रांची के इस्लामनगर इलाके से दो मासूम बच्चों के अचानक लापता होने से पूरे क्षेत्र में चिंता, और अफरा-तफरी का माहौल है. गायब होने वाले बच्चों की पहचान 12 वर्षीय समर, और 10 वर्षीय सदफ के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे घर के पास ही थे, लेकिन कुछ समय बाद वे अचानक नजर नहीं आए. परिवार वालों ने पहले आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई, और मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी, सिटी डीएसपी, कोतवाली डीएसपी, और सदर डीएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया, और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है.
जांच में मदद के लिए डॉग स्क्वाड की टीम को भी लगाया गया है, जो आसपास के क्षेत्रों में सुराग तलाश रही है. इसके अलावा, पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
फिलहाल पुलिस का कहना है कि दोनों बच्चों की तलाश तेज कर दी गई है, और उन्हें सुरक्षित बरामद करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है. इलाके के लोग भी बच्चों की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं, और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है.