Ranchi News: राजधानी के रातू रोड इलाके में बुधवार को जमीन पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई के खिलाफ स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कब्रिस्तान के पास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और बांस-बल्लियों लगाकर मुख्य सड़क को बंद कर दिया. इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
प्रशासन की ओर से स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी
पुलिस के अनुसार, अदालत के आदेश के बाद प्रशासन की टीम संबंधित जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची थी. जैसे ही आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली, वे मौके पर जमा हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया.
कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया. प्रशासन की ओर से स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी रही, ताकि यातायात फिर से बहाल किया जा सके.
क्या होती है कब्जा दिलाने की प्रक्रिया?
कब्जा दिलाने की प्रक्रिया (दखल-दिहानी) का मतलब है किसी व्यक्ति को उसकी जमीन या संपत्ति पर वास्तविक अधिकार दिलाना. यह कार्रवाई आमतौर पर अदालत या सरकार के आदेश पर की जाती है. इसका उद्देश्य लाभार्थी को सिर्फ कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर भी उसका अधिकार दिलाना होता है.