Ranchi News: रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल संकट को दूर करने के लिए प्रबंधन ने जरूरी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से खराब पड़े वाटर फिल्टरों को ठीक करने का काम तेजी से कराया जा रहा है.
रिम्स परिसर में कई स्थानों पर पेयजल उपलब्ध कराने के लिए फिल्टर मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन कुछ उपकरण खराब होने और तोड़फोड़ की घटनाओं के कारण कई जगहों पर पानी की समस्या उत्पन्न हो गई थी. इससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
स्थिति को देखते हुए रिम्स प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया है. अब अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाई जाएगी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी सख्त की जाएगी, ताकि दोबारा ऐसी घटनाएं न हों. तकनीकी टीम द्वारा फिल्टर मशीनों की जांच कर उनकी स्थिति का आकलन भी किया गया है.
अस्पताल प्रबंधन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और नगर निगम से भी सहयोग मांगा है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में पेयजल व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो.
रिम्स प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल में आने वाले लोगों की सुविधा और मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.